इटावा/जसवंतनगर: जसवंत नगर मे ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर: पिता व तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
जसवंत नगर मे ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर: पिता व तीन बच्चे गंभीर रूप से घायलजसवंतनगर में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उसके तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना एक ऑयल पंप के पास हुई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि प्रतापपुरा निवासी 40 वर्षीय मदनमोहन यादव पुत्र विद्याराम यादव अपने तीन बच्चों – 15 वर्षीय तनमय, 14 वर्षीय वैष्णवी और 10 वर्षीय उत्सव – को बाइक से एरिस्टोटल स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इटावा जाने वाले मार्ग पर सर्विस रोड पर गलत दिशा से आ रहे ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर कांस्टेबल प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने सर्विस रोड पर गलत दिशा में वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।
