जसवंतनगर/इटावा: जनजागरूकता चौपाल में महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा मुक्ति पर किया जागरूक
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
जनजागरूकता चौपाल में महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा मुक्ति पर किया जागरूकजसवंतनगर। थाना पुलिस द्वारा बुधवार को ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालय में जन जागरूकता एवं सकारात्मक संदेश प्रसारण के उद्देश्य से चौपाल एवं सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा मुक्ति और नए कानूनों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम द्वारा ग्राम खुशालपुरा जौनई, ग्राम धौलपुर खेड़ा तथा एरिस्टोटल स्कूल में चौपाल एवं सभा का आयोजन किया गया।
चौपाल के दौरान मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण एवं सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभाव, उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी देते हुए लोगों से नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने नए कानूनों एवं ऑनलाइन नागरिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी। इसमें ई-एफआईआर, चरित्र प्रमाण पत्र, किरायेदार सत्यापन और जीरो एफआईआर जैसी सुविधाओं के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की चौपालों का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और आमजन तक सुरक्षा एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाना है।
फोटो:-अलग अलग गाँव में आयोजित जनजागरूकता चौपाल में ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा मुक्ति और नए कानूनों के प्रति जागरूक करती पुलिस टीम।
