इटावा: राशन कार्ड विवाद और चुनावी रंजिश में बढ़ा विवाद
इटावा डेस्क
इटावा: राशन कार्ड विवाद और चुनावी रंजिश में बढ़ा विवाद
एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
इटावा जिले में किल्ली सुल्तानपुर गांव का एक मामला इन दिनों चर्चा में है, जहां राशन कार्ड कटवाने के आरोप और पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव निवासी रविंद्र कुमार पुत्र रामौतार ने आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान और उनके पुत्र ने उसका राशन कार्ड कटवा दिया और लगातार धमकियां दे रहे हैं। इसी आरोप के चलते उसने DM और SSP कार्यालय के सामने कीटनाशक पीने का प्रयास कर हड़कंप मचा दिया।
वहीं, प्रधान पुत्र केशव सिंह पुत्र रामरतन निवासी किल्ली सुल्तानपुर, पोस्ट सिरसा, थाना बसरेहर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। केशव सिंह का कहना है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और षड्यंत्र के तहत लगाए गए हैं। उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि गांव के ही निवासी सचिन यादव, जो प्रधानी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं।
केशव सिंह के अनुसार, सचिन यादव पर पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह अराजक तत्वों से जुड़ा रहा है। आरोप है कि सचिन यादव ने ही रविंद्र कुमार से झूठा प्रार्थना पत्र दिलवाकर उन्हें फंसाने की कोशिश की है, ताकि आगामी चुनाव में उन्हें बाहर किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार का रविंद्र कुमार से कोई विवाद या संबंध नहीं रहा है।मामले को लेकर केशव सिंह ने DM से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
