इटावा/जसवंतनगर: जसवंत नगर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
जसवंत नगर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तारथाना अध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में जसवंतनगर पुलिस की बड़ी सफलता, लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
जसवंतनगर पुलिस ने थाना अध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में सूझबूझ, साहस और तत्परता का परिचय देते हुए लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस द्वारा कचौरा बाईपास क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक अवैध असलहों के साथ किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई और खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए।गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुमित उर्फ सनकी पहलवान पुत्र मनोज निवासी नगला भगत थाना जसवंतनगर तथा शक्ति उर्फ तनुष पुत्र प्रेम सिंह निवासी आनंद नगर थाना कोतवाली इटावा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा 315 बोर, 03 खोखा कारतूस, 04 जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुमित उर्फ सनकी पहलवान पर हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शक्ति उर्फ तनुष पर 05 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
जसवंतनगर पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि थाना अध्यक्ष कमल भाटी और उनकी टीम की सक्रियता से एक बड़ी लूट की वारदात टल गई। पुलिस की मुस्तैदी ने अपराधियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।


