इटावा/जसवंतनगर: बीहड़ में अवैध मिट्टी खनन पर छापा, ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, 55 हजार जुर्माना
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
जसवंतनगर। क्षेत्र के गाँव जसोहन के पास झलोखर के बीहड़ में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया और सभी आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और आलोक की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था। पुलिस को देखते ही खनन में लगे लोग भाग निकले। मौके से पुलिस ने एक मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर, जिसे जेसीबी मशीन की तरह मिट्टी खुदाई के लिए संशोधित किया गया था, को कब्जे में लेकर थाने लाकर सीज कर दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन पर 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामले की रिपोर्ट खनन अधिकारी, एआरटीओ, सेल टैक्स विभाग और वन विभाग को भेज दी गई है। पुलिस के अनुसार खनन माफिया सरकारी या वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे थे।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो: झलोखर बीहड़ में अवैध खनन के दौरान पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करने के बाद थाने में खड़ी।
