इटावा/जसवंतनगर: राजस्व कार्यों की बारीकियां सीखने पहुंचे नव नियुक्त आरक्षी, तहसील परिसर का कराया गया भ्रमण

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार




राजस्व कार्यों की बारीकियां सीखने पहुंचे नव नियुक्त आरक्षी, तहसील परिसर का कराया गया भ्रमण

जसवंतनगर। पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से नव नियुक्त महिला एवं पुरुष आरक्षियों को तहसील एवं एसडीएम कार्यालय की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण में 70 से अधिक आरक्षियों ने भाग लिया।

तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आरक्षियों को रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय तथा विभिन्न राजस्व शाखाओं का भ्रमण कराया गया। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं तहसीलदार नेहा सचान ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली, भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

लेखपालों ने आरक्षियों को खेतों की पैमाइश, मेड़बंदी, कुराबंदी, खातेदारी तथा भूमि अभिलेखों के रखरखाव की प्रक्रिया समझाई। साथ ही भूमि विवादों के समाधान में राजस्व अभिलेखों की भूमिका और नापजोख की विधियों से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने कहा कि भूमि विवाद, कब्जा और अन्य संवेदनशील मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में आरक्षियों को राजस्व कार्यों की जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे क्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं के समाधान में अधिक प्रभावी योगदान दे सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़पुरा, पछायगांव, बलरई और जसवंतनगर क्षेत्र के 70 से अधिक नव नियुक्त आरक्षियों ने सहभागिता की।

फोटो कैप्शन: तहसील परिसर में नव नियुक्त आरक्षियों को जानकारी देतीं क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं तहसीलदार नेहा सचान।