इटावा/जसवंतनगर: सर्विस रोड के गड्ढों से हादसा, दंपती समेत तीन घायल, हालत गंभीर

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

सर्विस रोड के गड्ढों से हादसा, दंपती समेत तीन घायल, हालत गंभीर

जसवंतनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटावा-मैनपुरी बॉर्डर स्थित दोनों जिलों की जोनई -मीठेपुर चौकी के पास बन रहे नव निर्मित फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर गड्ढों के चलते मंगलवार को सड़क हादसा हो गया। हादसे में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार औरैया जिले के कोतवाली क्षेत्र निवासी 71 वर्षीय ओमप्रकाश अग्रवाल अपनी 68 वर्षीय पत्नी रजनी अग्रवाल के साथ कार से औरैया जा रहे थे। कार को चालक नरेंद्र कुमार चला रहा था। जैसे ही उनकी कार आगरा से जसवंतनगर की ओर आने वाली सर्विस रोड पर जोनई चौकी के पास पहुंची, तभी डिवाइडर के किनारे खराब खड़ी एक कार से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि सर्विस रोड पर गहरे गड्ढों के कारण वाहन संतुलन खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर मीठेपुर पुलिस और पहुंचे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान ने घायलों को एनएचएआई एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दंपती को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

फोटो: एनएचएआई पर हादसे के बाद जुटी भीड़ और घायलों को ले जाती एंबुलेंस।