इटावा: इटावा में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़: बदमाश के पैर में लगी गोली,कार,तमंचा और कारतूस बरामद

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा


इटावा में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़: बदमाश के पैर में लगी गोली,कार,तमंचा और कारतूस बरामद

इटावा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना चौबिया पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हॉकी, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार बरामद हुई है। आरोपी पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सैफई कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में थाना चौबिया पुलिस थुलरई-बीना मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी।

एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार से सैफई की ओर से बीना और हाजीपुर होते हुए मैनपुरी की तरफ जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम सतर्क हो गई और इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

कुछ देर बाद पुलिस को एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय तेजी से कीरतपुर की ओर मोड़ दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। पीछा करने के दौरान आरोपी की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा टकराई। इसके बाद आरोपी कार से बाहर निकला और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी अरुण उर्फ लच्छवा के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक हॉकी और बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार बरामद की। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा।

पुराने मामले में भी शामिल होने की बात कबूली

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को थाना चौबिया क्षेत्र के उनवा संतोषपुर में हुई घटना में वह और उसके साथी शामिल थे। इस मामले में थाना चौबिया में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अरुण उर्फ लच्छवा पुत्र रामाधार उर्फ रामलखन निवासी ग्राम भदेही थाना चौबिया जनपद इटावा का रहने वाला है। आरोपी थाना सैफई का हिस्ट्रीशीटर भी है।

कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर इटावा जिले के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चौबिया में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।