इटावा/जसवंतनगर: खेत पर पानी लेकर जा रही किशोरी की गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

खेत पर पानी लेकर जा रही किशोरी की गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

जलभराव के बीच मेड से फिसलने पर हुआ हादसा, सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जसवंतनगर। क्षेत्र के ग्राम निलोई में बुधवार शाम खेतों पर पानी लेकर जा रही एक 15 वर्षीय किशोरी की गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निलोई निवासी किसान हरनाथ सिंह की पुत्री सलोनी बुधवार शाम करीब चार बजे अपने पिता के लिए खेत पर पानी लेकर जा रही थी। बताया गया है कि खेतों की ओर जाने वाले रास्ते में जलभराव था। इसी दौरान वह ऊपर बने मेड से होकर पक्की सड़क की ओर चढ़ने लगी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ी। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सलोनी के पिता खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और मिर्च व पालक की फसल उगाते हैं। मृतका चार बहनों और एक भाई में शामिल थी। हादसे के बाद मां मिथिलेश व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उप निरीक्षक कृष्ण कुमार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।