इटावा: इटावा एनकाउंटर: 48 घंटे में पांचवीं मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा


इटावा एनकाउंटर: 48 घंटे में पांचवीं मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

इटावा। जिले में लगातार हो रही पुलिस मुठभेड़ों से अपराधियों में डर का माहौल बनता दिखाई दे रहा है। बीते 48 घंटे के भीतर पुलिस की यह पांचवीं मुठभेड़ बताई जा रही है। थाना वैदपुरा पुलिस ने मंगलवार देर रात 25 हजार रुपये के इनामी और एनडीपीएस एक्ट में वांछित चल रहे एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।


जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और फरार तथा इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।

चेकिंग के दौरान मिली थी सूचना


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना वैदपुरा पुलिस मंगलवार और बुधवार की रात बरी तिराहे पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहा एक आरोपी नगला बरी तिराहे से नगरिया जाने वाले मार्ग पर खड़ा है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी तेजी से गांव की ओर भागने लगा। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।

एनडीपीएस एक्ट में था फरार


पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सुभाष यादव पुत्र तिलक सिंह निवासी नगला इमलिया थाना पिलुआ जनपद एटा के रूप में हुई। वह वर्तमान में एटा के न्यू संजय नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2024 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था।


आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।


आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ नया मुकदमा


मुठभेड़ और बरामदगी के बाद थाना वैदपुरा में आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि पुलिस टीम ने सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी सहित थाना पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।