जिलाधिकारी ने नेकपुर खुर्द गौशाला का औचक निरीक्षण किया,101 गोवंश संरक्षित मिले, भुगतान और चिकित्सा पर दिए निर्देश*
*जिलाधिकारी ने नेकपुर खुर्द गौशाला का औचक निरीक्षण किया,101 गोवंश संरक्षित मिले, भुगतान और चिकित्सा पर दिए निर्देश*
*रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077*
फर्रुखाबाद, 11 मई 2026 को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नेकपुर खुर्द स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण दोपहर 01:31 बजे किया गया। गौशाला में कुल 101 गोवंश संरक्षित पाए गए। मौके पर लगभग 50 क्विंटल भूसा, 18.5 क्विंटल दाना और 12 क्विंटल हरा चारा उपलब्ध मिला।
जिलाधिकारी ने गौशाला के सभी अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने गोपालकों के भुगतान और गौशाला फंड की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। सचिव ने बताया कि गोपालकों का भुगतान मार्च 2026 तक किया जा चुका है और अप्रैल 2026 तक के फंड की रिक्वेस्ट भेजी जा चुकी है। शासन से मार्च 2026 तक का भुगतान प्राप्त हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने सचिव को लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धनेप कुमार गुप्ता से गोवंशों की चिकित्सा, टैगिंग, टीकाकरण और बीमार पशुओं के उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को गौशाला का नियमित निरीक्षण करने और पशुओं की समयबद्ध चिकित्सा एवं देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, बढ़पुर को मुख्य सड़क मार्ग से गौशाला तक लगभग 450 मीटर कच्चे रास्ते की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को गौ आश्रय स्थलों से जोड़कर पशु आहार निर्माण कार्य में सहभागिता सुनिश्चित कराने और हरा चारा उत्पादक किसानों से सस्ती दरों पर हरा चारा खरीदने हेतु अनुबंध कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौशाला नोडल अधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags:
फर्रुखाबाद