इटावा/जसवंतनगर: मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर पालिका का अभियान, फॉगिंग से लोगों को राहत

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर पालिका का अभियान, फॉगिंग से लोगों को राहत

जसवंतनगर। कस्बा क्षेत्र में मच्छरों व कीड़ों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने विशेष अभियान चलाकर फॉगिंग व दवा छिड़काव कराया। पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण संखवार तथा अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज के निर्देशन में मोहल्ला होमगंज और कोठी केस्ट क्षेत्र में फॉगिंग मशीन चलाई गई, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली।

पालिका के सुपरवाइजर रविंद्र सिंह ने बताया कि इन इलाकों से मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सभासद मोहनी दूबे व घमला देवी सहित मोहल्ले के लोगों ने कई बार पालिका प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पालिका द्वारा तत्काल विशेष अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि फॉगिंग के साथ-साथ नालियों में दवा का छिड़काव भी कराया गया है, ताकि मच्छरों के पनपने के स्रोतों को खत्म किया जा सके। गंदे पानी के जमाव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से दवा डाली गई है, जिससे लार्वा नष्ट हो सके।

पालिका प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और अन्य मोहल्लों में भी फॉगिंग कराई जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे मच्छरों से होने वाली बीमारियों के खतरे में कमी आएगी और वातावरण भी स्वच्छ रहेगा।

फोटो:-फॉगिंग करती नपा की गाड़ी।