इटावा/जसवंतनगर: फायर सेफ्टी के बिना गैस सिलेंडर वितरण, खुले मैदान में सैकड़ों सिलेंडर के बीच जुटी भीड़ बनी खतरा

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार


फायर सेफ्टी के बिना गैस सिलेंडर वितरण, खुले मैदान में सैकड़ों सिलेंडर के बीच जुटी भीड़ बनी खतरा

फायर सेफ्टी इंतजाम न होने से बड़े हादसे की आशंका, जिम्मेदारी तय नहीं

जसवंतनगर।राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक प्रतिष्ठान के सामने पास में खुले मैदान में इंडेन गैस सिलेंडर वितरण के दौरान भारी लापरवाही सामने आई है। यहां ट्रक और लोडर वाहनों में करीब पांच सौ से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर भरे हुए रखे गए थे, जबकि मौके पर दो सैकड़ा से ज्यादा लोगों की भीड़ मौजूद रही।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब वितरण स्थल के आसपास करीब एक सैकड़ा से अधिक मोटरसाइकिल, स्कूटी, कार और ई-रिक्शा खड़े रहे। इतने संवेदनशील माहौल में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सेफ्टी का कोई इंतजाम नहीं किया गया था, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गैस लेने आए कई लोग मौके पर बीड़ी और सिगरेट पीते हुए भी देखे गए, जो अत्यंत खतरनाक स्थिति को दर्शाता है। ज्वलनशील पदार्थों के बीच इस तरह की लापरवाही कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी।

प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि यहां कोई हादसा हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती, यह बड़ा प्रश्न है। मौके पर न तो अग्निशमन यंत्र मौजूद थे और न ही कोई सुरक्षा कर्मी तैनात दिखा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वितरण स्थलों पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

फोटो:खुले मैदान में बिना फायर सेफ्टी इंतजाम के गैस सिलेंडर वितरण के दौरान जुटी भीड़ और खड़े वाहन।