इटावा/जसवंतनगर: बाइक का दो जगह फर्जी चालान, वाहन स्वामी ने पुलिस व आरटीओ से लगाई गुहार
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
बाइक का दो जगह फर्जी चालान, वाहन स्वामी ने पुलिस व आरटीओ से लगाई गुहारजसवंतनगर।नगर के मोहल्ला गुलाबबाड़ी निवासी एक वाहन स्वामी की बाइक का दो अलग-अलग स्थानों पर फर्जी चालान होने का मामला सामने आया है। लगातार दो मामलों के सामने आने से पीड़ित परेशान है और उसने पुलिस व परिवहन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित धीरज शर्मा के अनुसार उनके वाहन संख्या यूपी 75 एयू 4716 पर सबसे पहले 24 फरवरी को कानपुर नगर क्षेत्र में चालान संख्या UP1933260226143237 जारी हुआ। चालान की फोटो देखने पर स्पष्ट हुआ कि उसमें दिख रहा वाहन उनका नहीं है। इस संबंध में उन्होंने 12 मार्च 2026 को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कानपुर नगर को प्रार्थना पत्र भेजकर जांच और चालान निरस्त करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी बीच 2 अप्रैल 2026 को जसवंतनगर थाना क्षेत्र के फुलरई इलाके में भी उनके वाहन नंबर पर एक और चालान (UP321618260402190317) जारी हो गया। दूसरे मामले के सामने आने के बाद उनकी चिंता और बढ़ गई है।
धीरज शर्मा का कहना है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके वाहन नंबर का दुरुपयोग कर रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने थाना पुलिस और एआरटीओ इटावा को भी प्रार्थना पत्र देकर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि विभागीय स्तर पर सुनवाई न होने पर उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन देकर अपने प्रार्थना पत्र पर की गई कार्रवाई, चालानों की जांच की स्थिति और दोषियों के खिलाफ उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू करने की बात कही है, जबकि परिवहन विभाग से जवाब मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
फोटो:-थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुँचा पीड़ित धीरज शर्मा।
