जसवंतनगर/इटावा: आवास योजना में बड़ी गड़बड़ी का आरोप
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
जसवंतनगर:विकासखंड जसवंतनगर की ग्राम पंचायत अजनौरा में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पाठकपुरा निवासी पूजा देवी पत्नी विनोद कुमार ने अप्रैल 2025 में योजना के तहत लाभ पाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पंचायत सचिव ने जांच में ही मामला दबा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि सचिव व उनके सहयोगी द्वारा 20 हजार रूपये की मांग की गई थी। पूजा देवी का कहना है कि यदि उनके पास इतनी रकम होती, तो उन्हें आवास की आवश्यकता ही नहीं पड़ती। शिकायत के बावजूद उसे आज तक योजना का लाभ नहीं मिला।
बताया गया कि आईजीआरएस पोर्टल पर दोबारा शिकायत करने के बाद फरवरी 2026 में हुई जांच में सचिव ने रिपोर्ट में दर्शा दिया कि महिला पक्के मकान में रह रही है। आरोप है कि किसी अन्य व्यक्ति के मकान की फोटो लगाकर उसे अपात्र घोषित कर दिया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि पीड़िता अपने परिवार के साथ पन्नी व टीन शेड में रहने को मजबूर है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बिना मौके पर पहुंचे ही फर्जी जांच रिपोर्ट तैयार कर दी गई और गवाहों के हस्ताक्षर की जगह पंचायत सहायक के हस्ताक्षर कर दिए गए। साथ ही उसे स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय का लाभ भी नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने खंड विकास अधिकारी डॉ. मनोज कुमार को जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही 15-20 दिनों के भीतर पात्र व्यक्ति को नियमानुसार आवास उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या ठोस कदम उठाते हैं या फिर मामला अन्य मामलों की तरह फाइलों में ही सिमटकर रह जाएगा।
