इटावा/जसवंतनगर: ट्रांसफार्मर में तोड़फोड़ कर तेल व तार चोरी का प्रयास, गांव की बिजली ठप
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
ट्रांसफार्मर में तोड़फोड़ कर तेल व तार चोरी का प्रयास, गांव की बिजली ठप
जसवंतनगर/इटावा। भावलपुर गांव में मंगलवार तड़के चोरों ने 250 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसमें तोड़फोड़ कर दी और तेल व तार चोरी करने का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को पेयजल जैसी बुनियादी समस्या से जूझना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार 16 मार्च की रात करीब एक बजे चोर गांव में लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे और उसे खोलकर उसके तार व अन्य उपकरण निकालने लगे। इस दौरान उन्होंने केबल काट दी और ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी बीच आहट मिलने पर गांव के प्रधान सर्वेश यादव व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख चोर खेतों की ओर भाग निकले।
मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने देखा कि ट्रांसफार्मर के कई हिस्से टूटे पड़े थे और कुछ सामान चोरी हो चुका था। घटना के बाद से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द ट्रांसफार्मर ठीक कर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सैफई एक्सईएन कृष्ण कुमार मौके पर पहुँचे और ट्रांसफार्मर को सही कर रही तकनीकी टीम का निरीक्षण किया।
इस संबंध में एसडीओ आनंद पाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर जेई कौशल पाण्डेय ने पहुँच कर इसे शीघ्र ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने में जुटे हुए हैं। साथ ही अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
