जसवंतनगर/इटावा: आदिनाथ जिन बिम्ब वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
आदिनाथ जिन बिम्ब वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
जसवंतनगर। श्री 1008 आदिनाथ जिन बिम्ब वेदी प्रतिष्ठा एवं आध्यात्मिक ज्ञानामृत महोत्सव के द्वितीय दिन मंगलवार को अयोध्यापुरी महावीर वाटिका में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किए गए।
प्रातःकाल शांति जाप मंत्रोच्चार के साथ भगवान आदिनाथ का अभिषेक, पूजन तथा याग मंडल विधान संगीतमय वातावरण में संपन्न हुआ। इसके बाद बाहर से पधारे विद्वानों द्वारा स्वाध्याय कराया गया, जिसका लाभ बड़ी संख्या में उपस्थित जैन धर्मावलंबियों ने लिया।दोपहर में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान जीवन की समस्याओं पर आधारित एक विद्वत संगोष्ठी पं. जेपी दोषी और अच्युतकांत के निर्देशन में आयोजित की गई। संगोष्ठी में विद्वानों ने भेद विज्ञान, कर्म सिद्धांत तथा जीवन और धर्म की यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान जीवन की समस्याओं के समाधान बताए।
महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए बाल संस्कार क्लास का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें नैतिक और धार्मिक शिक्षा दी गई। संध्या समय कुबेर की व्यथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी गई। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में “अपनी नजरों का उल्टा चश्मा” नामक व्यवहारिक शिक्षा पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक में स्थानीय कलाकारों ने शानदार अभिनय किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।महोत्सव में देश के विभिन्न प्रदेशों से जैन धर्मावलंबी बड़ी संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवकांत आराध्य जैन सिमरैया परिवार की सर्वत्र सराहना हो रही है।
बॉक्स:
नियमों के अनुसार चल रही महोत्सव की व्यवस्थाएं
कार्यक्रम आयोजक एवं सौधर्म इंद्र ने बताया कि जैन धर्म के सिद्धांतों का पालन करते हुए महोत्सव में किसी भी प्रकार की बिजली चोरी नहीं की जा रही है। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी और नियमों के अनुरूप बनी रहें। उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए समान रूप से शुद्ध देशी घी से निर्मित अत्यंत शुद्ध भोजन (परम शुद्ध आहार) की व्यवस्था की गई है।


