इटावा/जसवंतनगर: आदिनाथ जिन बिम्ब वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ी भीड़, महिलाओं के भक्ति नृत्य ने मोहा मन

 

आदिनाथ जिन बिम्ब वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ी भीड़, महिलाओं के भक्ति नृत्य ने मोहा मन

जसवंतनगर। श्री 1008 आदिनाथ जिन बिम्ब वेदी प्रतिष्ठा एवं ज्ञानामृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम स्थल पर देर शाम तक मेले जैसा उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। जैन समाज के श्रद्धालुओं ने पूरे कार्यक्रम का भक्तिभाव के साथ आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान जैन समाज की महिलाओं ने भक्ति और परंपरा से ओत-प्रोत भव्य नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। महिलाओं ने भगवान आदिनाथ के जन्म से पूर्व माता के गर्भ कल्याणक महोत्सव से जुड़े सोलह स्वप्नों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। धार्मिक भावनाओं से भरपूर इस प्रस्तुति को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से जैन धर्म की परंपराओं और भगवान आदिनाथ के जीवन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस दौरान शाहजहांपुर के डीएसपी सिटी प्रयांक जैन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे। अंत में धर्म लाभ प्राप्त कराने के लिए शिवकांत जैन परिवार को समाज के लोगों ने शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की।

फोटो:-सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवान आदिनाथ से जुड़े प्रसंगों पर प्रस्तुति देती जैन समाज की महिलाएं।