इटावा/जसवंतनगर: रमजान के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में उमड़ी भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
रमजान के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में उमड़ी भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ
जसवंतनगर। पवित्र माह रमजान के तीसरे जुमे पर नगर के मोहल्ला लुधपुरा समेत विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए रोजेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेज धूप के बावजूद अकीदतमंदों ने मस्जिदों के भीतर, छतों और सुरक्षित स्थानों पर कतारबद्ध होकर नमाज अदा की तथा देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
मोहल्ला लुधपुरा स्थित मस्जिद में हाफिज हाजी इमाम मोहम्मद सईद आलम अशरफी करहलवी ने तकरीर करते हुए रमजान की फजीलत और इबादत की अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने रोजेदारों को सब्र रखने, इबादत में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और जरूरतमंदों की मदद करने की नसीहत दी।
इमाम ने कहा कि रमजान का महीना रहमत और मगफिरत का महीना है, इसलिए मुसलमानों को गुनाहों से तौबा कर अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सदका, जकात और फितरा समय पर अदा करने, कुरान की तिलावत बढ़ाने और गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि रमजान का तीसरा जुमा आखिरी अशरे की ओर इशारा करता है, जिसे जहन्नुम से निजात का दौर माना जाता है। ऐसे में हर रोजेदार को चाहिए कि वह इस मुकद्दस महीने के हर पल को इबादत और नेक कामों में लगाए।
नमाजियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मस्जिद प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। कई स्थानों पर धूप से बचाव के लिए टेंट और शामियाने लगाए गए, जिससे लोगों को नमाज अदा करने में सुविधा मिली। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा और प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की गई।

