इटावा/जसवंतनगर: ब्लॉक प्रसार में आत्मा गोष्ठी, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
ब्लॉक प्रसार में आत्मा गोष्ठी, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
जसवंतनगर। ब्लॉक प्रसार परिसर में शुक्रवार को कृषि विभाग की ओर से एक दिवसीय आत्मा गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों को कृषि की नई तकनीकों, उन्नत बीजों और आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
गोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक (ऑर्गेनिक) खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग से होने वाले लाभों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जैविक खेती अपनाने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। इसके साथ ही कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किसानों को दिखाया गया। इस दौरान किसानों ने कृषि क्षेत्र से जुड़े बजट प्रावधानों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा भी की।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) बलवीर सिंह ने किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। गोदाम इंचार्ज अमजद खान तथा एटीएम पंकज ने भी किसानों को कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में बताया।
गोष्ठी में मौजूद किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई किसान उपस्थित रहे और उन्होंने खेती से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
फोटो:- ब्लॉक परिसर में आयोजित आत्मा गोष्ठी में किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देते कृषि विभाग के अधिकारी।
