इटावा/जसवंतनगर: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज; नौ पर नामजद।
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज; नौ पर नामजद
जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम उतरई में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति समेत नौ लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम वजीरपुर, थाना मटसेना (फिरोजाबाद) निवासी राम अवतार शर्मा ने तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सोनी शर्मा का विवाह 4 दिसंबर 2022 को ग्राम उतरई निवासी शिव किशोर दीक्षित पुत्र वीरेंद्र दीक्षित से हुआ था।आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में 20 लाख रुपये की मांग को लेकर सोनी को प्रताड़ित करता था। देवर द्वारा कथित रूप से धमकी दी जाती थी कि रकम न मिलने पर सरकारी नौकरी कर रहे पति की दूसरी शादी कर दी जाएगी।पीड़ित पिता का कहना है कि शादी में स्कॉर्पियो कार, करीब 20 तोला सोना और गृहस्थी का सामान दिया गया था, इसके बावजूद मांग जारी रही। आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को पति शिव किशोर, देवर श्रीप्रकाश, जेठ हरीश, जेठानी ओमलता, सास प्रभा देवी, ससुर वीरेंद्र कुमार, ननद पूनम, अनीता और नंदोई संकल्प मिश्रा ने षड्यंत्र के तहत गला दबाकर हत्या की और साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या लगे।परिजनों का आरोप है कि बाद में ससुराल पक्ष ने फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी और शव को फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर में छोड़कर फरार हो गया।सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, जेठ-जेठानी, देवर व ननद समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम फिरोजाबाद में कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।
Tags:
इटावा



