इटावा/जसवंतनगर: होली पर्व को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया नगर भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

होली पर्व को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया नगर भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जसवंतनगर। होली महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हाईवे चौराहा से रेलवे रोड तक बाजार क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित किया।

नगर भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली खुशियों का पर्व है, इसलिए किसी पर जबरन रंग न डालें और किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी लोग सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार का आनंद लें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए। सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों तथा जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध तत्काल चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बाइट DM इटावा 

पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि होली को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह, कोतवाली प्रभारी कमल भाटी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। 


फ़ोटो: नगर में भ्रमण करते जिलाधिकारी व वरिष्ट पुलिस अधीक्षक