इटावा/जसवंतनगर: शिक्षिका के शव को छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, पूरे गांव में नहीं जले चूल्हे
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
शिक्षिका के शव को छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, पूरे गांव में नहीं जले चूल्हे
मटसेना के गांव उजीरपुर आनंदीपुर में पुलिस फोर्स रहा तैनात
गांव की बेटी की मौत पर होली के दिन भी पसरा रहा मातम
जसवंतनगर। क्षेत्र के गांव उतरई में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई शिक्षिका की मौत के बाद सोमवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों के विलाप से माहौल द्रवित हो उठा। छोटे भाई ने मुखाग्नि दी तो हर आंख नम हो गई। गांव की बेटी की मौत से आहत ग्रामीणों ने होली जैसे पर्व पर भी चूल्हे नहीं जलाए।
थाना मटसेना क्षेत्र के गांव उजीरपुर आनंदीपुर निवासी रामअवतार शर्मा की पुत्री सोनी शर्मा की शादी वर्ष 2022 में गांव उतरई निवासी शिवकिशोर दीक्षित से हुई थी। सोनी महलई गांव के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थीं, जबकि उनके पति फिरोजाबाद जनपद के मदनपुर व अरांव ब्लॉक में एडीओ पंचायत हैं। शनिवार देर शाम सोनी को संदिग्ध अवस्था में फांसी लगने के बाद ससुरालीजन ट्रामा सेंटर फिरोजाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मायका पक्ष भी पहुंच गया। घटना के बाद पति समेत अन्य ससुरालीजन फरार हो गए थे।रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अंतिम संस्कार किया गया। मृतका के छोटे भाई सचिन शर्मा ने मुखाग्नि दी। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। बड़े भाई शिवकुमार ने बताया कि जसवंतनगर थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। परिजनों ने सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। गांव में शोक की लहर बनी हुई है।फोटो:-अंतिम संस्कार के समय रोता बिलखता भाई सचिन और अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब।
Tags:
इटावा


