इटावा/जसवंतनगर: पेड़ काटने के विवाद में मारपीट, तीन नामजद सहित कई पर मुकदमा दर्ज

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

पेड़ काटने के विवाद में मारपीट, तीन नामजद सहित कई पर मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के नगला उदय सिंह गांव में हरे पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। पीड़िता प्रीति चौहान की तहरीर पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने तीन नामजद और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, घटना 22 जनवरी की शाम करीब 5 बजे की है, जब उनके ससुर हरिश्चंद्र तोमर घर पर भैंस को चारा डाल रहे थे। उसी दौरान गांव के निर्भय उर्फ लल्लन द्वारा उनके खेत के हरे पेड़ काट लिए गए थे। इस पर जब हरिश्चंद्र ने आपत्ति जताई, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोप है कि निर्भय ने उनके ससुर के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

प्रीति चौहान ने बताया कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो वहां आरोपी पक्ष के लोग—निर्भय उर्फ लल्लन, संजय तोमर पुत्र अमर सिंह और चंद्रशेखर उर्फ दीपू समेत अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने थाने में ही जान से मारने और गांव से बाहर निकालने की धमकी दी।

पीड़िता का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने 27 जनवरी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ऑनलाइन शिकायत दी, लेकिन तब भी कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।

थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।