इटावा/जसवंतनगर: गड्ढों में तब्दील सड़क, राहगीरों की जान पर बन आई

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

गड्ढों में तब्दील सड़क, राहगीरों की जान पर बन आई

जसवन्त नगर। क्षेत्र के तिजोरा चौराहे से बीबा मऊ, नगला असरोही, नगला रामजीत होते हुए हाइवे और लखनऊ एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की हालत बद से बदतर हो चुकी है। आगरा जिले की बाह, फतेहाबाद, पिनाहट तहसील और राजस्थान के धौलपुर तक आवागमन के लिए उपयोग होने वाला यह मार्ग अब गड्ढों

में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि राहगीर यह कहने को मजबूर हैं कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क।

मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात के दौरान स्थिति और भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक हादसों का शिकार हो रहे हैं, वहीं भारी वाहन गड्ढों में फंसकर खराब हो जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।

स्थानीय ग्रामीणों रिंकू, दलबीर, रामचरण, शिवकुमार, कामता, प्रभुदयाल, बबलू, आलोक और अश्वनी ने बताया कि यह सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि इस मार्ग से अधिकारियों का भी आवागमन होता है, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई यह सड़क अब पूरी तरह उखड़ चुकी है। शासन स्तर पर सड़कों के निर्माण और मरम्मत के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं दिखता।ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि आए दिन हो रहे हादसों से राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो सके।

फोटो:-सड़क में गढ्ढे या गड्ढों में सड़क।