इटावा/जसवंतनगर: 23 मार्च से सीएचसी जसवंतनगर में शुरू होगा अभियान, 14–15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा निःशुल्क टीका
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
23 मार्च से सीएचसी जसवंतनगर में शुरू होगा अभियान, 14–15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा निःशुल्क टीका
जसवंतनगर/इटावा। भारत सरकार द्वारा बालिकाओं को बच्चेदानी के मुंह के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन का राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 23 मार्च से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टीका मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी मानी जाती है और इसके माध्यम से इस बीमारी के 90 प्रतिशत से अधिक मामलों को रोका जा सकता है।
डॉ. वीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित समय पर यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम उनके निर्देशन में संचालित किया जाएगा।
इस अभियान में कार्यक्रम प्रबंधक सुनील यादव, प्रतिरक्षण अधिकारी सुनील यादव तथा एएनएम संजू चौधरी की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से कार्य करेगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” के उद्देश्य के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमी लाई जा सके। विभाग का मानना है कि समय पर टीकाकरण से बालिकाओं को इस जानलेवा बीमारी से बचाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से यह भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर यह टीका अवश्य लगवाएं। विभाग का कहना है कि यह पहल देश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
