जसवंतनगर/इटावा: अलग-अलग हादसों में किशोर समेत दो गंभीर घायल, सैफई रेफर

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार


अलग-अलग हादसों में किशोर समेत दो गंभीर घायल, सैफई रेफर

जसवंतनगर/इटावा। दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक किशोर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

               पहली घटना मोहल्ला रेलमंडी स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर हुई। जानकारी के अनुसार कचौराघाट क्षेत्र का रहने वाला 15 वर्षीय हिमांशु पुत्र रवि बाजार की ओर आ रहा था। वह वाहन से उतरने के बाद ओवरब्रिज पर पैदल जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सैफई रेफर कर दिया।

               वहीं दूसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव डुडहा के पास हुई। यहां 25 वर्षीय बोबी पुत्र रंजन सिंह निवासी ग्राम मानेपुर थाना इकदिल बाइक से जा रहा था। अचानक बाइक फिसलने से वह डिवाइडर से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पुलिस वाहन से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसके सिर में गंभीर चोट देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।