इटावा: रिश्वत लेने का आरोप लगने पर सिपाही निलंबित

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा



रिश्वत लेने का आरोप लगने पर सिपाही निलंबित

इटावा में अवैध मिट्टी खनन और उसके परिवहन को लेकर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक सिपाही पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह घटना 17 फरवरी की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। वीडियो थाना इकदिल क्षेत्र की चौकी चितभवन का है। यहां आरक्षी ललित कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। आरोप है कि रितिक शर्मा, अवधेश दीक्षित, सहदेव डीलर और धर्मेंद्र यादव नामक कुछ लोग चौकी पर पहुंचे और उन्होंने मिट्टी खनन व उसके परिवहन की अनुमति दिलाने के नाम पर सिपाही को रुपए दिए।

इस घटना से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में कुछ लोग सिपाही से ट्रैक्टर के माध्यम से मिट्टी परिवहन की अनुमति मांगते और उसे पैसे देते दिख रहे हैं। दूसरे वीडियो में कथित खनन माफिया सिपाही से गाली-गलौज कर रहे हैं। हालांकि, एक अन्य वीडियो में सिपाही ने रिश्वत लेने से इनकार किया है।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने चौकी चितभवन पर तैनात आरक्षी ललित कुमार को निलंबित करने का आदेश दिया। मामले की जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है, और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।