संवाददाता: एम.एस वर्मा चीफ एडिटर
मनोज कुमार
जसवंतनगर में विधायक शिवपाल सिंह यादव ने ब्लॉक परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रेरणा कैंटीन सहित कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का शुभारंभ किया।
इन कार्यों में ब्लॉक प्रमुख कक्ष, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कक्ष, पंचायत सचिव एवं तकनीकी सहायक कक्ष का उद्घाटन शामिल था।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न निर्माण कार्यों के शिलालेखों का लोकार्पण किया गया और प्रेरणा स्थल में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और लोकतंत्र पर लगातार प्रहार किया जा रहा है और भाजपा सरकार संवैधानिक, कानूनी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं करती।
यादव ने आउटसोर्सिंग नौकरियों में अनियमितताओं का भी जिक्र किया, जहां कागजों में 14 हजार रुपए का वेतन दिखाया जाता है, लेकिन कर्मचारियों को केवल 8 हजार रुपये मिलते हैं। उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी, चरम पर पहुंच चुकी महंगाई और लगातार बढ़ते कर्ज पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि प्राइमरी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जिससे विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
प्रेरणा स्थल की सराहना करते हुए उन्होंने इसे सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख डॉ. अंजली यादव और उनके प्रतिनिधि अनुज ‘मोंटी’ यादव ने प्रेरणा स्थल पर विभिन्न जातियों और वर्गों के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर भेदभाव मिटाने का सराहनीय कार्य किया है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर बदायूं के सांसद आदित्य अंकुर यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार झूठ और भ्रम फैलाकर सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज का हर वर्ग परेशान है और सरकार नफरत का जहर घोलकर राज करने की रणनीति अपना रही है।
आदित्य अंकुर यादव ने प्रेरणा स्थल को सभी जातियों और वर्गों का साझा मंच बताया। उन्होंने उल्लेख किया कि यहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, रानी अवंतीबाई लोधी, नेताजी मुलायम सिंह यादव, भगवान गौतम बुद्ध और लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो सामाजिक एकता और समरसता का मजबूत संदेश देती हैं।
इस अवसर पर मंच पर सर्व श्री शिवपाल सिंह यादव, आदित्य यादव,प्रो. ब्रजेशचंद्र यादव, अनुज यादव मोंटी, अंजलि यादव, बबलू शाक्य, विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ़ सोनू यादव, गोपीनाथ परसर, उदयवीर सिंह जाटव, राम दुलारे राजपूत, सोनेलाल राजपूत रजमऊ, आशीष राजपूत इटावा, भारत सिंह जाटव, श्याम बहादुर धनगर, अभिलाख पाल, बृजेश राजपूत, रामकुमार पाल के.के. कनौजिया प्रधानाचार्य, जसवंत सिंह चौहान,लक्ष्मण उर्फ़ पेंटर शाक्य आदि लोग मौजूद रहे।