जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता,दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुधार पर दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता,दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुधार पर दिए निर्देश
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। इसमें जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को मजबूत करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एम्बुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, साथ ही दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार देने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सड़क दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड, रिफ्लेक्टर और आवश्यक रोड मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे विद्यालयों में आंतरिक सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित कराएं। इन बैठकों में बच्चों और उनके अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों से 7 दिनों के भीतर यह प्रमाण पत्र लिया जाए कि उनके स्कूली वाहन सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन कर रहे हैं। जांच में अनियमितता पाए जाने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विधायक नागेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि यातायात नियमों का पालन न करने वाले स्कूली वाहनों पर कार्रवाई कर संबंधित विद्यालयों के संचालकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किए जाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:
फर्रुखाबाद