इटावा/जसवंतनगर: सड़क किनारे बोरी पर घायल का इलाज, टांके लगाने का वीडियो वायरल; स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग

 M.S VERMA

MANOJ KUMAR

सड़क किनारे बोरी पर घायल का इलाज, टांके लगाने का वीडियो वायरल; स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग

जसवंतनगर। क्षेत्र के गांव पड़रपुरा निवासी एक घायल युवक का सड़क किनारे खुले में बोरी बिछाकर उपचार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति घायल के घाव पर मरहम-पट्टी करते और टांके लगाते दिखाई दे रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और बिना मान्यता प्राप्त लोगों द्वारा इलाज किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार पड़रपुरा निवासी मुकेश यादव घायल हो गए थे। वायरल वीडियो में उन्हें सड़क किनारे बोरी पर लिटाकर उपचार करते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाज करने वाला व्यक्ति प्रशिक्षित चिकित्सक नहीं है और वह पड़ोसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि खुले स्थान पर इस तरह उपचार करने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है और यदि इलाज करने वाला व्यक्ति अधिकृत चिकित्सक नहीं है तो यह गंभीर मामला है।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से वायरल वीडियो की जांच कर पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल करने तथा यदि अनियमितता पाई जाए तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

फोटो कैप्शन: सड़क किनारे घायल का उपचार करते व्यक्ति का वायरल वीडियो।