मऊदरवाज़ा पुलिस ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव सिखाया,मिशन शक्ति के तहत सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी दी

मऊदरवाज़ा पुलिस ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव सिखाया,मिशन शक्ति के तहत सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी दी

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में थाना मऊदरवाज़ा की मिशन शक्ति टीम ने गायत्री इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर थाना मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीम में महिला कांस्टेबल मधु रानी, कल्पना, खुशबू, रिचा और हेड कांस्टेबल सुबोध कुमार कांस्टेबल सौरव चौधरी शामिल थे।
अभियान के दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, महिला अपराध और उससे बचाव के तरीके बताए गए। उन्हें नारी सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, नवीन कानूनों और घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की। इनमें 1090 (विमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर अपराध वित्तीय धोखाधड़ी सहायता) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं। जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए।

यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार के 'नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन' के संकल्प को पूरा करने के लिए चलाया जा रहा है। महिला कांस्टेबल मधु रानी ने बताया कि बालिकाओं को एंटी रोमियो अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।