इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में हाईटेक सुरक्षा की ओर बड़ा कदम, प्रमुख स्थानों पर लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे

M.S VERMA 

MANOJ KUMAR 

जसवंतनगर में हाईटेक सुरक्षा की ओर बड़ा कदम, प्रमुख स्थानों पर लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे

जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा प्रमुख स्थानों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इस पहल से संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा सकेगी और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पुलिस प्रशासन की पहल तथा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, संवेदनशील स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार इन कैमरों की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार निगरानी की जाएगी। चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी वारदात की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य आसानी से उपलब्ध होंगे। इससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी भी पहले की तुलना में अधिक तेजी से की जा सकेगी।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखी जा सके।