इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हरियाणा मार्का शराब की तस्करी करते चार गिरफ्तार, 132 बोतल बरामद

 M.s verma

Manoj kumar 

जसवंतनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हरियाणा मार्का शराब की तस्करी करते चार गिरफ्तार, 132 बोतल बरामद

जसवंतनगर, इटावा। थाना जसवंतनगर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 132 बोतलें, तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, चार मोबाइल फोन और पांच बैग बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया और कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से 132 बोतल हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू (31) पुत्र धनपाल सिंह निवासी ग्राम सूरज कारोली, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़, सरोज पासवान (19) पुत्र राजकिशोर पासवान निवासी बासगढ़, थाना चकिया, जिला मोतिहारी (बिहार), राहुल कुमार (20) पुत्र अरुण चौधरी निवासी ग्राम कुनिया, थाना चकिया, जिला मोतिहारी (बिहार) तथा आर्यन कुमार (20) पुत्र धर्मेंद्र कुमार निवासी ग्राम पदरी जसौली, थाना कल्याणपुर, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना जसवंतनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी और उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई।