इटावा: इफ्को नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार को लेकर जिला स्तरीय सहकारी गोष्ठी आयोजित
M.S VERMA
MANOJ KUMAR
इफ्को नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार को लेकर जिला स्तरीय सहकारी गोष्ठी आयोजित
इटावा। किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और लागत प्रभावी खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इफ्को द्वारा जिला स्तरीय सहकारी गोष्ठी का आयोजन जिला सहकारी बैंक सभागार इटावा में किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों, इफ्को के विशेषज्ञों, सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों और किसानों ने भाग लिया।
गोष्ठी में इफ्को के नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य नैनो उर्वरकों के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नैनो उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में वृद्धि होती है, जबकि रासायनिक उर्वरकों की खपत कम होने से खेती की लागत घटती है तथा मिट्टी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। किसानों को नैनो उर्वरकों के सही उपयोग, छिड़काव की विधि और उपयुक्त समय की जानकारी भी दी गई।
उपनिदेशक कृषि सतीश कुमार पांडे ने कहा कि नैनो उर्वरकों का व्यापक प्रदर्शन कर किसानों के बीच इसका प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए। उन्होंने इसे रासायनिक उर्वरकों का प्रभावी विकल्प बताते हुए ब्लॉक स्तर पर गोष्ठियों और प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने कहा कि किसानों के खेतों में नैनो डीएपी के प्रदर्शन सफल और लाभकारी साबित हुए हैं। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी से कृषि लागत कम होती है और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलती है।
सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता कमलेश नारायण वर्मा ने कहा कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिले में डीएपी और यूरिया का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा सभी सहकारी समितियों पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने प्राकृतिक एवं संतुलित खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इफ्को कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक बी.के. निगम ने बताया कि भारत सरकार के 'भूमि बचाओ, मृदा बचाओ' अभियान और पीएम प्रणाम योजना के तहत रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करने और किसानों की लागत घटाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले की विभिन्न सहकारी समितियों पर किसान गोष्ठियां और प्रदर्शन प्लॉट लगाए जाएंगे, ताकि किसान नैनो उर्वरकों के लाभ स्वयं देख सकें।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक नंदकिशोर, इफ्को नई दिल्ली के आम सभा सदस्य राहुल यादव, पीसीएफ के जिला प्रबंधक अमजद खान, इफ्को इटावा के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ पांडे, उमाशंकर यादव सहित कई अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

