इटावा/जसवंतनगर: कोर्ट के आदेश पर दिलाया गया कब्जा, अगले दिन मेड़ तोड़े जाने से फिर बढ़ा विवाद
M.S verma
Manoj kumar
कोर्ट के आदेश पर दिलाया गया कब्जा, अगले दिन मेड़ तोड़े जाने से फिर बढ़ा विवादजसवंतनगर/इटावा। ग्राम भैसान में गाटा संख्या 478 की भूमि को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर तूल पकड़ गया। जानकारी के अनुसार, कोर्ट के आदेश के अनुपालन में राजस्व एवं पुलिस प्रशासन ने संबंधित भूमि पर वास्तविक भूमिधरों को कब्जा दिलाया था। हालांकि अगले ही दिन मेड़ तोड़े जाने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया गया कि गाटा संख्या 478 पर कठेरिया समाज के कुछ लोगों का लगभग 10 वर्षों से कब्जा था। भूमि के वास्तविक मालिक न्यायालय की शरण में गए, जहां से उनके पक्ष में भूमि खाली कराने का आदेश पारित हुआ।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में बुधवार को तहसीलदार अभिजीत गौरव राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ थाना प्रभारी कमल भाटी एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा। राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश कराने के बाद ज्ञानी पुत्र जयलाल तथा विसना देवी पत्नी छोटेलाल को संबंधित भूमि पर कब्जा दिलाया गया।
आरोप है कि इस कार्रवाई को कोई तीसरा पक्ष हवा दे रहा है उसी के कहने पर विपक्षी पक्ष ने स्वीकार नहीं किया। गुरुवार सुबह कुछ महिलाओं को आगे कर भूमि पर बनाई गई मेड़ को तोड़ दिया गया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया।फिलहाल पुलिस एवं राजस्व विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। दोनों पक्षों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
