इटावा/सैफई: पत्नी से प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, 18 दिन बाद इटावा पुलिस ने सुलझाई युवक हत्याकांड की गुत्थी
M.s verma
Manoj kumar
पत्नी से प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, 18 दिन बाद इटावा पुलिस ने सुलझाई युवक हत्याकांड की गुत्थी
इटावा। सैफई थाना क्षेत्र में 18 दिन पहले मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार युवक की पत्नी से मुख्य आरोपी के प्रेम संबंध थे। पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की बिना नंबर प्लेट वाली अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 3 और 4 जुलाई की रात सैफई थाना पुलिस रुकैया नहर पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी नगला बरी से टिमरूआ की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अपाचे बाइक सवार पिंटू और प्रशांत यादव उर्फ तनु को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि फिरोजाबाद जिले के थाना एका क्षेत्र के जहांनपुर निवासी कुलदीप 16 जून से लापता था। परिजनों ने थाना एका में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 18 जून को सैफई थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला था। 29 जून को परिजनों ने कपड़ों और फोटो के आधार पर शव की पहचान कुलदीप के रूप में की, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथी रंजीत यादव के कुलदीप की पत्नी से प्रेम संबंध थे। इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रंजीत यादव ने पिंटू और प्रशांत के साथ मिलकर कुलदीप की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 16 जून को तीनों आरोपी कुलदीप को अपने साथ ले गए। पहले उसे अधिक मात्रा में शराब पिलाई गई, फिर सैफई थाना क्षेत्र के लरखौर गांव के पास सेंगर नदी किनारे ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को गड्ढे में छिपा दिया गया ताकि उसकी पहचान न हो सके। आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसवंतनगर थाना क्षेत्र के मुरारमऊ निवासी 28 वर्षीय पिंटू तथा सैफई थाना क्षेत्र के खुशालपुर निवासी 20 वर्षीय प्रशांत यादव उर्फ तनु के रूप में हुई है। मामले का मुख्य आरोपी रंजीत यादव अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी, उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार तथा कांस्टेबल सुशील, अनुराग, महेश और अंजनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
