इटावा: प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तारः इटावा में घर के बाहर अंगोछे से गला घोंटा, 2 दिन पहले साजिश रची थी
M.S VERMa
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तारः इटावा में घर के बाहर अंगोछे से गला घोंटा, 2 दिन पहले साजिश रची थीइटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में प्रॉपर्टी डीलर आनंद राजपूत हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आनंद की हत्या उसकी पत्नी आशिकी देवी (32) ने अपने प्रेमी शिवम राजपूत (22) के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 12 जुलाई की देर रात आनंद राजपूत की घर के भीतर अंगोछे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि आशिकी देवी और शिवम के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की जानकारी आनंद को थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने पहले से हत्या की साजिश रची थी। शिवम ने वारदात से चार दिन पहले एक कीपैड मोबाइल खरीदा था, जिसका इस्तेमाल दोनों आपसी संपर्क और योजना बनाने के लिए कर रहे थे। घटना वाली रात दोनों ने मिलकर आनंद का अंगोछे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले आशिकी देवी ने अपने तीनों बच्चों को दादा-दादी के घर भेज दिया था, ताकि घटना के समय वे घर में मौजूद न रहें।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अंगोछा, कीपैड मोबाइल फोन, मृतक की सोने की अंगूठी, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा शिवम की मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसएसपी ने बताया कि शिवम को मार्च 2026 में आनंद की शिकायत पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जून में जेल से रिहा होने के बाद उसने आशिकी देवी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
