इटावा: नई एआरटीओ (प्रवर्तन) हुमा परवीन ने संभाला कार्यभार, ओवरलोडिंग और स्कूल वाहनों पर रहेगा सख्त फोकस
M.S VERMA
इटावा में पीसीएस-2024 बैच की अधिकारी हुमा परवीन ने एआरटीओ (प्रवर्तन) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बरेली निवासी हुमा परवीन की यह पहली नियुक्ति है। लखनऊ में प्रशासनिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने सोमवार को कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन कराना होगी। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हुमा परवीन ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। शासन के 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत स्कूल वाहनों की नियमित जांच की जाएगी। फिटनेस, परमिट, चालक की योग्यता और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने आमजन से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार ने उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया और विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
चार एसडीएम का तबादला, तीन नए अधिकारी इटावा आएंगे
शासन ने जिले में लंबे समय से तैनात चार उप जिलाधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। सदर एसडीएम विक्रम सिंह राघव का आगरा, कुमार सत्यम जीत का गोंडा, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुशांत श्रीवास्तव का औरैया तथा अतिरिक्त मजिस्ट्रेट दीप शिखा का बागपत तबादला किया गया है।
वहीं इटावा को तीन नए उप जिलाधिकारी मिले हैं। गोरखपुर से अमित कुमार जायसवाल, गाजीपुर से मनोज कुमार पाठक और प्रयागराज से गणेश कुमार कनौजिया का स्थानांतरण इटावा किया गया है। शासन से जिले में एक और उप जिलाधिकारी की तैनाती होना बाकी है।
