इटावा: इटावा में कल आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ₹604 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
M.s verma
इटावा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 26 जुलाई 2026 को इटावा दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1:00 बजे शहर के नुमाइश पंडाल में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जनपद को करीब ₹604 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री ₹73 करोड़ की लागत से बने रामनगर फाटक ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। साथ ही ₹49 करोड़ की लागत से बनने वाले ट्रांजिट हॉस्टल का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने तैयारियों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
जनसभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने लोगों से समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा इटावा के विकास कार्यों को नई गति देने के साथ-साथ जनपद को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
