सीपी इंटरनेशनल स्कूल बना क्लस्टर वॉलीबॉल चैंपियन,30 जनपदों की 70 टीमों को हराकर जीता खिताब

सीपी इंटरनेशनल स्कूल बना क्लस्टर वॉलीबॉल चैंपियन,30 जनपदों की 70 टीमों को हराकर जीता खिताब
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077,9838839168
फर्रुखाबाद ग्रीनफील्ड एकेडमी, लखीमपुर खीरी में आयोजित प्रतिष्ठित सीबीएसई क्लस्टर वॉलीबॉल चैंपियनशिप में सीपी इंटरनेशनल स्कूल ने खिताब जीत लिया है। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और रणनीतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
इस विशाल प्रतियोगिता में सीबीएसई के चौथे क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 30 जनपदों की लगभग 70 टीमों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच मिली इस जीत ने सीपी इंटरनेशनल स्कूल की उपलब्धि को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।

प्रतियोगिता के दौरान सीपी इंटरनेशनल स्कूल का सफर अत्यंत प्रभावशाली रहा। क्वार्टरफाइनल में टीम ने सुदिति ग्लोबल स्कूल, इटावा को हराया। सेमीफाइनल के रोमांचक मैच में सैनिक स्कूल, लखनऊ को पछाड़ते हुए टीम ने फाइनल में जगह बनाई।
अंततः, फाइनल के हाई-वोल्टेज मुकाबले में सीपी इंटरनेशनल स्कूल ने आर्मी पब्लिक स्कूल (फतेहगढ़) को पराजित कर क्लस्टर वॉलीबॉल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टीम का कुशल मार्गदर्शन खेल प्रशिक्षक श्री संजीव कुमार द्विवेदी ने किया, जिनके सटीक रणनीतिक दिशानिर्देशों और कठोर प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों को सफलता दिलाई।

विद्यालय प्रांगण लौटने पर विजेता खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षक का ढोल-नगाड़ों और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भव्य स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य श्री पी. रथ ने सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया।

इस ऐतिहासिक विजय पर संस्थान के निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के कठोर परिश्रम, सतत अभ्यास और खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। प्रबंध निदेशक श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व गुण, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का भी बीजारोपण करते हैं।

उपनिदेशिका श्रीमती अंजू राजे ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को संपूर्ण विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण बताया और इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत कहा। प्रधानाचार्य श्री पी. रथ ने विश्वास जताया कि यह टीम भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी। उपप्रधानाचार्य श्री नवीन शाक्य ने भी पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति की परिचायक बताया।