इटावा: अनियंत्रित बोलेरो नीम के पेड़ से टकराई, दो बाबा गंभीर घायल
एम.एस वर्मा
अनियंत्रित बोलेरो नीम के पेड़ से टकराई, दो बाबा गंभीर घायलसिरसा गांव के पास देर रात हुआ हादसा, दोनों घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा के समीप शनिवार देर रात एक अनियंत्रित बोलेरो कार सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बाह-आगरा की ओर से इटावा की तरफ जा रही बोलेरो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराई। देर रात जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की सूचना दी।पुलिस के अनुसार हादसे में संतोष उर्फ शिवानंद (62) पुत्र भगवान दास निवासी खेड़ा राठौर, तहसील बाह, जनपद आगरा तथा उनके साथी पिंटू महाराज (60) पुत्र राजेंद्र निवासी सैफई गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।बताया गया है कि दुर्घटना के समय संतोष उर्फ शिवानंद बोलेरो चला रहे थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।फोटो : दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो कार तथा घायल बाबा।


