इटावा/जसवंतनगर: तहसील दिवस में कब्जा-अतिक्रमण की शिकायतों की भरमार, एक भी प्रकरण का मौके पर निस्तारण नहीं

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

तहसील दिवस में कब्जा-अतिक्रमण की शिकायतों की भरमार, एक भी प्रकरण का मौके पर निस्तारण नहीं

10 शिकायतें पहुंचीं, अधिकांश भूमि विवाद और चकरोड अतिक्रमण से जुड़ीं

जसवंतनगर। शासन स्तर पर अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में प्राप्त अधिकांश शिकायतें भूमि कब्जा, अतिक्रमण और चकरोड विवादों से संबंधित रहीं। हालांकि, प्राप्त 10 शिकायतों में से किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।

उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत एवं क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में ग्राम कुंजपुर निवासी गुलाब सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव स्थित बीज गोदाम पर कुछ दबंगों ने कब्जा कर उसमें भूसा भर दिया है तथा चकरोड भी अवरुद्ध कर रखा है।

ग्राम खेड़ा बुजुर्ग निवासी हरिमोहन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके खेत की मेड़ काट देते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इसी गांव की सावित्री देवी ने खेत तक जाने वाले चकरोड पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग उठाई।

ग्राम नगला कन्हई के वीरेंद्र सिंह ने अपने आवासीय पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। वहीं लगन नगला इच्छा निवासी यदुवीर सिंह ने गांव से छिमारा रोड तक बनी सड़क को मानकविहीन बताते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। ग्राम बाउथ निवासी राजू सिंह ने अपनी भूमि पर भूसा डालकर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत अधिकारियों से की।

अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में तहसीलदार नेहा सचान, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो:- तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनते एसडीएम कुमार सत्यमजीत।