अवैध शराब के खिलाफ फर्रुखाबाद में विशेष अभियान,जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने की दुकानों की जांच।

रेहान ख़ान रिपोर्टर फर्रुखाबाद 9452755077
अवैध शराब के खिलाफ फर्रुखाबाद में विशेष अभियान,जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने की दुकानों की जांच।
फर्रुखाबाद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में संचालित हो रहा है।
इसी क्रम में, 10 मई 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 श्री कुमार गौरव सिंह ने अपने स्टाफ के साथ जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इनमें बढ़पुर, लाल सराय, कादरी गेट तिराहा और ठंडी सड़क स्थित कम्पोजिट दुकानें शामिल थीं।
निरीक्षण के दौरान मछली मंडी, खानपुर, ठंडी सड़क घूँघट पैलेस, ठंडी सड़क एक्सिस बैंक और अमेठी कोहना की देशी मदिरा दुकानों की भी जांच की गई। इसके अतिरिक्त, अमेठी कोहना स्थित मॉडल शॉप का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया।
संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।