इटावा: इटावा में हर्ष फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, शादी समारोह में युवक को लगी थी गोली, पिस्टल बरामद
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
इटावा में हर्ष फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, शादी समारोह में युवक को लगी थी गोली, पिस्टल बरामद
इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग कर युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी 0.32 बोर पिस्टल और उसका मूल शस्त्र लाइसेंस बरामद किया गया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौबिया थाना पुलिस गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि ग्राम मूंज में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी रैपुरा भट्टा तिराहे के पास खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रमन कुमार निवासी ग्राम मूंज थाना चौबिया, इटावा तथा अंशुल निवासी कंचन पार्क थाना लोनी देहात जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से लाइसेंसी 0.32 बोर पिस्टल और उसका लाइसेंस बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 7 मार्च 2026 को चौबिया क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में उन्होंने हर्ष फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान चली गोली से गौरव कुमार के दाहिने हाथ में चोट लग गई थी, जिससे वह घायल हो गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौबिया थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक पीर मोहम्मद, कांस्टेबल रामऔतार और कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।
