इटावा/जसवंतनगर: समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ रहे महावीर सिंह यादव को श्रद्धांजलि
समाजवादी आंदोलन के मजबूत स्तंभ रहे महावीर सिंह यादव को श्रद्धांजलि
जसवंतनगर। समाजवादी पार्टी के समर्पित सिपहसालार एवं जनप्रिय समाजसेवी स्वर्गीय महावीर सिंह यादव की तृतीय पुण्यतिथि पर सोमवार को उनके पैतृक गांव फतेहपुरा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में समाजवादी नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव ने कहा कि स्व. महावीर सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा, समाज सेवा, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने में समर्पित किया। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण की मिसाल रहा। उन्होंने वर्ष 1982 में ग्राम पंचायत धनुआ के प्रधान बनने के बाद लगातार जनता के हित में कार्य किए। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव तथा वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के करीबी सहयोगी रहे और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई। जिला पंचायत इटावा के उपाध्यक्ष रहते हुए भी उन्होंने जनहित से जुड़े कई कार्य कराए।
उनके पौत्र विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू यादव ने कहा कि स्व. महावीर सिंह यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में शिवपाल सिंह महाविद्यालय की स्थापना कर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा की भावना को याद किया।इस दौरान सपा नेता अशांक हनी यादव, आशुतोष टोनू यादव, कवि राहुल प्रताप,लल्लू यादव, फेरी सिंह, श्याम सिंह, संतोष, राजेन्द्र सिंह,रजनीश शाक्य सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंत में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
फोटो— फतेहपुरा गाँव में हवन में सम्मिलित व आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्व. महावीर सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित करते सपा नेता एवं कार्यकर्ता।

