फर्रुखाबाद:शमशाबाद:नाली के पानी को लेकर विवाद,शमशाबाद में दो पक्षों में मारपीट, 7 लोग घायल

नाली के पानी को लेकर विवाद,शमशाबाद में दो पक्षों में मारपीट, 7 लोग घायल 
शमशाबाद, फर्रुखाबाद में नाली के पानी के निकास को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में लाठी-डंडे, लोहे के पाइप और बेलचे चले, साथ ही पथराव भी हुआ। दोनों पक्षों से कुल सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनके सिर में चोटें पाई गईं। गंभीर रूप से घायल युवक आयुष राजपूत की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने आयुष राजपूत, आशीष कुमार, रीता देवी और दूसरे पक्ष के दीपक राजपूत सहित तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया है।यह घटना शमशाबाद नगर क्षेत्र के मोहल्ला दलमीर खां में हुई। मोहल्ले के निवासी रविंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी सुरजीत कुमार की नाली उनके मकान से होकर गुजरती है, जिसमें उनके समर (सबमर्सिबल) का पानी लगातार बहता रहता है। रविंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि इस पानी के कारण उनके मकान में सीलन आ गई है और दीवारें चटक गई हैं।रविंद्र प्रताप सिंह के पुत्र आयुष राजपूत, सुरजीत कुमार से नाली में समर का पानी बंद करने की शिकायत करने उनके दरवाजे पर गए थे। आरोप है कि आयुष को देखते ही सुरजीत कुमार के परिजनों ने अपने मकान से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और उस पर लाठी-डंडों, लोहे के पाइप व बेलचे से हमला कर दिया।
आयुष की चीख-पुकार सुनकर उसके बड़े भाई आशीष कुमार, माता रीता देवी और पिता रविंद्र प्रताप सिंह उसे बचाने पहुंचे। हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मारपीट में दूसरे पक्ष से दीपक कुमार और सुशील कुमार भी घायल हुए हैं। सभी घायलों के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने घायलों की गंभीर स्थिति की पुष्टि की। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि नाली के पानी के निकास को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।