इटावा/जसवंतनगर: मंदिर में पूजा के बाद युवक पर फायरिंग, पुरानी रंजिश में हमल, एक आरोपी गिरफ्तार

चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

मंदिर में पूजा के बाद युवक पर फायरिंग, पुरानी रंजिश में हमल, एक आरोपी गिरफ्तार

जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला उदय सिंह गांव स्थित पथरी वाले बाबा मंदिर में पूजा के बाद एक युवक पर हमला किया गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने फायरिंग की, जबकि उसके साथी ने कार से कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है।

नगला उदय सिंह निवासी अभिमेंद्र प्रताप पुत्र बलन सोमवार सुबह करीब 11 बजे मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद जब वह मंदिर परिसर में नल के पास खड़े थे, तभी गांव के संजय तोमर ने उन पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान संजय के साथी दीपु ने चार पहिया वाहन से अभिमेंद्र को कुचलने का प्रयास किया। हमलावर गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजय तोमर को वाहन सहित हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके वाहन से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। 21 जनवरी को खेत के पास अवैध खनन को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।