इटावा/जसवंतनगर: होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मोहल्ले में शोक की लहर
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मोहल्ले में शोक की लहरजसवंतनगर।मोहल्ला लुधपुरा, जसवंतनगर निवासी 28 वर्षीय युवक शुभम की शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। युवक होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने के लिए आगरा जा रहा था, तभी उसका शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम पुत्र राकेश कुमार रविवार को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को आगरा के लिए रवाना हुआ था, ताकि समय से परीक्षा केंद्र पहुंच सके। बताया गया है कि वह अपनी मां प्रेमलता के साथ पिछले लगभग दो दशकों से अपनी ननिहाल लुधपुरा में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार शुभम के पिता राकेश कुमार, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत बताए जाते हैं, लंबे समय से परिवार से अलग रह रहे हैं। ऐसे में उसकी मां प्रेमलता ने मायके पक्ष के सहयोग से अपने चार बच्चों—नीरज कुमार, रागिनी, कामिनी और शुभम—का पालन-पोषण किया। शुभम अविवाहित था।
सूत्रों के मुताबिक शिकोहाबाद स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के बीच शुभम का शव मिलने की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे लुधपुरा लाया गया। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा पूरे मोहल्ले में शोक व्याप्त है।
