मनेन्द्रगढ़: मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका में ACB की बड़ी कार्रवाई: ₹53 हजार रिश्वत लेते लेखापाल रंगे हाथ गिरफ्तार, CMO भी जांच के घेरे में।
संवाददाता: विनोद कुमार पाण्डेय
मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका में ACB की बड़ी कार्रवाई: ₹53 हजार रिश्वत लेते लेखापाल रंगे हाथ गिरफ्तार, CMO भी जांच के घेरे मेंमनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के मामले का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई से पूरे नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेकेदार चन्द्रमड़ी वर्मा से उनके द्वारा किए गए कार्य का बिल पास कराने के एवज में ₹53,000 की रिश्वत मांगी गई थी। आरोप है कि इस राशि में से ₹20,000 की पहली किश्त पहले ही ले ली गई थी, जबकि शेष ₹33,000 की राशि लेने के लिए योजना बनाई गई।बताया जा रहा है कि ACB की टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार ठेकेदार चन्द्रमड़ी वर्मा दोपहर में शेष राशि लेकर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) इशहाक खान के निवास पहुंचे। आरोप है कि CMO के निर्देश पर ठेकेदार ने यह रकम नगर पालिका के लेखापाल सुशील भगत को सौंपी।जैसे ही लेखापाल सुशील भगत ने नकद राशि अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाए ACB अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुशील भगत को हिरासत में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ACB ने CMO इशहाक खान को भी जांच के दायरे में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले में अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ सहित पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। आम जनता और ठेकेदारों के बीच लंबे समय से चल रही भ्रष्टाचार की शिकायतों के बीच इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मुख्य बिंदु:₹53,000 की रिश्वत का मामला
₹20,000 पहले, ₹33,000 लेते हुए रंगे हाथ पकड़ाए
लेखापाल सुशील भगत गिरफ्तार
CMO इशहाक खान जांच के घेरे में
ACB कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
